सिंगरौली (म.प्र.) : भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (भाकपा) जिला इकाई सिंगरौली द्वारा देश में लगातार बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और स्थानीय समस्याओं को लेकर 25 मई, 2026 को वैढन के मुख्य चौराहे (माजन मोड़) पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान आक्रोशित पार्टी कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन किया। प्रदर्शन के बाद महामहिम राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा गया।

संजय नगर स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से एकजुट होकर निकले भाकपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के लाल झंडे लेकर माजन मोड़ चौराहे को घेर लिया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर आम जनता की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रतीकात्मक पुतले को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान "महंगाई पर रोक लगाओ", "अवैध गतिविधियां बंद करो" जैसे गगनभेदी नारे गूंजते रहे।
सौंपे गए ज्ञापन और प्रदर्शन के दौरान भाकपा राज्य परिषद सदस्य संजय नामदेव एवं अन्य नेताओं ने कहा कि देश में डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस की कीमतें आसमान छू रही हैं। इसके साथ ही दूध और अन्य आवश्यक खाद्य सामग्रियां इतनी महंगी हो गई हैं कि गरीब और मध्यम वर्ग के सामने संकट खड़ा हो गया है। पार्टी ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि केंद्र की नीतियां सीधे तौर पर 'आम जनता की जेब में डाका' डाल रही हैं, जिसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी ने इस प्रदर्शन और ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की है कि डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस समेत सभी आवश्यक खाद्य सामग्रियों की बढ़ी हुई कीमतों को तत्काल वापस लिया जाए। साथ ही सिंगरौली जिले के स्थानीय बेरोजगार युवाओं को क्षेत्र के उद्योगों, खदानों और परियोजनाओं में प्राथमिकता के आधार पर अनिवार्य रोजगार दिलाया जाए। क्षेत्र की जर्जर सड़कों और भारी वाहनों के कारण लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं और सिंगरौली में धड़ल्ले से हो रहे गैर-कानूनी व अवैध कार्यों पर प्रशासन सख्त कानूनी कार्रवाई करे। इसके अतिरिक्त स्थानीय जनभावनाओं से जुड़े सिंगरौली महोत्सव व अन्य जनहित के स्थानीय मुद्दों पर भी प्रशासन गंभीरता दिखाए।
इस उग्र प्रदर्शन और पुतला दहन के दौरान भाकपा राज्य परिषद सदस्य संजय नामदेव, अरविन्द कुमार, स्थानीय महिला कार्यकर्ताओं सहित भारी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।





