भोपाल: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) मध्य प्रदेश के आह्वान पर भोपाल के इतवारा स्थित हम्माल मजदूर यूनियन कार्यालय के सामने एक विशाल प्रदर्शन किया गया। 'मानवता की पुकार, युद्ध नहीं शांति चाहिए' के नारे के साथ आयोजित इस प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में लोगों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए भाकपा राज्य सचिव मंडल के सदस्य एस.एस. मौर्या और जिला सचिव अजय राउत ने अपने विचार रखे। वक्ताओं ने 180 निर्दोष स्कूली बच्चों की अमेरिकी मिसाइल हमले में हुई कथित मौत की कड़ी निंदा की। इसके साथ ही, उन्होंने खाड़ी देशों में कार्यरत भारतीय मजदूरों के रोजगार और उनके जीवन की सुरक्षा को लेकर भी गहरी चिंता व्यक्त की।

नेताओं ने वर्तमान संकट के कारण रसोई गैस (एलपीजी) की कीमतों में हुई भारी वृद्धि का कड़ा विरोध किया। भाकपा ने विश्व शांति की मुहिम में खुद को अग्रणी बताते हुए देश की जनता से इस आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया।
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए प्रदर्शनकारियों ने उसकी नीतियों को 'ढुलमुल' करार दिया और आरोप लगाया कि मोदी सरकार साम्राज्यवादी ताकतों के साथ खड़ी है, जिसकी उन्होंने कड़ी निंदा की। देश के सामने मौजूद मौजूदा संकट से निपटने के लिए भाकपा नेताओं ने संसद से लेकर हर स्तर पर तुरंत सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की। साथ ही, शांति बहाली और गहराते एलपीजी संकट के समाधान के लिए त्वरित कदम उठाने का भी आग्रह किया।
इस प्रदर्शन में एस.एस. मौर्या, राज्य सचिव मंडल सदस्य एसएस शाक्य, एटक सचिव अजय राउत भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जिला सचिव मुन्ने भाई, सचिव मंडल सदस्य फिदा हुसैन एवं इब्राहिम खान मजदूर नेता दीपक, दिलीप विश्वकर्मा, राशिद भाई, शेर सिंह, जीतू सहित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।
अंत में, "युद्ध नहीं, शांति चाहिए" के उद्घोष के साथ आयोजकों ने दुनिया को शांति का कड़ा संदेश दिया और इस प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए सभी साथियों को बधाई देते हुए उनका आभार व्यक्त किया।




